भाजपा प्रदेश कार्यालय में जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया

 

देहरादून में भाजपा प्रदेश कार्यालय में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी राम माधव, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सह प्रभारी सहित तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सभी ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर प्रदेश प्रभारी राम माधव ने कहा कि 15 नवंबर हमारे जनजातीय समाज के इतिहास का गौरवशाली दिन है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2021 में इसे जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। राम माधव ने कहा कि 15 नवंबर हमारे देश के जनजातीय समाज के इतिहास में एक गौरवशाली दिन है। भगवान बिरसा मुंडा वर्तमान झारखंड क्षेत्र के बड़े स्वतंत्रता सेनानी रहे हैं। अंग्रेजों की जनजाति विरोधी नीतियों के खिलाफ उन्होंने बड़ा आंदोलन छेड़ा और बलिदान दिया।