उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज कालाढूंगी पहुंचे, जहां उन्होंने नारी शक्ति सम्मान सम्मेलन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम में क्षेत्र की करीब 5 से 7 हजार महिलाओं ने प्रतिभाग किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने क्षेत्रीय विधायक बंशीधर भगत की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि बंशीधर भगत उत्तराखंड के सबसे वरिष्ठ विधायकों में से एक हैं। उनका राजनीतिक अनुभव और क्षेत्र में उनकी पहचान ऐसी है कि विरोधियों की जुबान भी उनके सामने नहीं खुलती।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान कालाढूंगी क्षेत्र को कई विकास योजनाओं की सौगात भी दी। उन्होंने कालाढूंगी स्थित सरकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण, कालाढूंगी में मिनी स्टेडियम के निर्माण तथा क्षेत्र की आधा दर्जन सड़कों के निर्माण एवं सुधार की घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में पहुंचने पर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी के बीच आयोजित इस सम्मेलन में नारी शक्ति की भागीदारी प्रमुख आकर्षण रही।
सीएम की घोषणाओं से क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और सड़क कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय लोगों की मौजूदगी भी रही।
