देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार लोकल फॉर वोकल को बढ़ावा देने की अपील करते रहे हैं। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। प्रदेश में खादी को बढ़ावा देने के लिए भी सरकार की ओर से कई प्रयास किए जा रहे हैं। खादी को प्रोत्साहित किए जाने को लेकर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान के बाद लोगों का खादी की ओर रुझान तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि गांधी जयंती के अवसर पर केंद्र सरकार की ओर से खादी उत्पादों पर छूट दी जाती है। इसके अलावा खादी वस्त्र उद्योग को बढ़ावा देने के लिए जो लोग इस क्षेत्र में आगे आना चाहते हैं, उन्हें राज्य सरकार की ओर से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत आर्थिक सहायता देने का भी प्रावधान किया गया है।