उत्तराखण्ड क्रान्ति दल (UKD) ने रविवार को देहरादून के बालावाला में अपने नए कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर “UKD Vision 2027” जनसंवाद कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेन्द्र कुकरेती मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में आगामी विधानसभा चुनाव, राज्य के समसामयिक मुद्दों और पार्टी की भविष्य की रणनीति पर चर्चा हुई।
केंद्रीय अध्यक्ष सुरेन्द्र कुकरेती ने कहा कि उत्तराखण्ड क्रान्ति दल ने करीब डेढ़ साल पहले ही वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अभियान शुरू कर दिया था। उन्होंने दावा किया कि राज्यभर में पार्टी के प्रति लोगों का समर्थन लगातार बढ़ रहा है और आमजन एक बार फिर राज्य निर्माण आंदोलन से जुड़े दल के साथ जुड़ रहे हैं। उन्होंने इसे उत्तराखंड के भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत बताते हुए कहा कि पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर लगातार उनके बीच जाएगी।कार्यक्रम के आयोजक संजय चौधरी ने बताया कि Vision 2027 अभियान के तहत डोईवाला और आसपास के क्षेत्रों से जनसंवाद की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना और उन्हें अपने विजन से जोड़ना है, ताकि वर्ष 2027 के चुनाव में एक मजबूत विकल्प प्रस्तुत किया जा सके।