देहरादून
बद्री-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि इस बार चारधाम यात्रा ने आज तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। 26 मई तक बदरीनाथ और केदारनाथ में लगभग 15 लाख 40 हजार तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए हैं। द्विवेदी ने कहा कि सरकार और मंदिर समिति देश-दुनिया से आने वाले सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सरल दर्शन कराने के लिए संकल्पबद्ध है। इस बार अपेक्षा से अधिक तीर्थयात्री पहुंच रहे हैं। भीड़ को देखते हुए समिति ने कुछ विशेष पूजाओं में कटौती की है ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर सकें। उन्होंने माना कि विशेष पूजाएं समिति की आय का मुख्य साधन हैं, लेकिन फिलहाल प्राथमिकता सुगम दर्शन है। रोजाना हालात की समीक्षा कर व्यवस्थाएं बदली जा रही हैं। सरकार और समिति की सर्वोच्च प्राथमिकता हर यात्री को सुरक्षित और सरल दर्शन देना है।