चारधाम यात्रा 2027 से पहले खुलेगी सिल्कयारा टनल, श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी राहत।

देहरादून

 

चारधाम यात्रा 2027 से पहले खुलेगी सिल्कयारा टनल, श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी राहत।

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में निर्माणाधीन सिल्कयारा टनल को लेकर एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य सरकार के अनुसार, यह महत्वपूर्ण परियोजना आगामी चारधाम यात्रा 2027 से पहले पूरी तरह आम जनता के लिए खोल दी जाएगी। लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि टनल का “ब्रेकथ्रू” सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है, जो निर्माण कार्य का एक अहम पड़ाव है।

निर्माण कार्य में लगी एजेंसी के अनुसार अब टनल के अंदरूनी और तकनीकी काम तेजी से किए जा रहे हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले साल चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले सभी जरूरी कार्य पूरे कर इस टनल को श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को समर्पित कर दिया जाएगा।

सिल्कयारा टनल के बन जाने के बाद चारधाम यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिलेगी। खासकर यमुनोत्री और गंगोत्री धाम जाने वाले यात्रियों के लिए यह टनल यात्रा को अधिक आसान और सुरक्षित बनाएगी। लंबे और जोखिम भरे पहाड़ी रास्तों की जगह अब यात्रा कम समय में पूरी हो सकेगी।

यह टनल न केवल समय की बचत करेगी, बल्कि भूस्खलन और खराब मौसम जैसी समस्याओं से भी राहत दिलाएगी। इससे स्थानीय लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।