होली से पहले सख्त हुआ परिवहन विभाग: देहरादून, ऋषिकेश और विकासनगर में 2500 चालान, ओवरस्पीडिंग और मोबाइल उपयोग पर विशेष अभियान।

देहरादून

 

 

होली से पहले सख्त हुआ परिवहन विभाग: देहरादून, ऋषिकेश और विकासनगर में 2500 चालान, ओवरस्पीडिंग और मोबाइल उपयोग पर विशेष अभियान।

होली के मद्देनजर सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए परिवहन विभाग ने देहरादून जनपद में व्यापक स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया। बीते एक सप्ताह से देहरादून, ऋषिकेश और विकासनगर में प्रवर्तन टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। अभियान के दौरान निजी और यात्री वाहनों पर विशेष नजर रखी गई, खासतौर पर ओवरस्पीडिंग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के उपयोग और लापरवाह ड्राइविंग के मामलों में सख्ती बरती गई।

डॉ. अनीता चमोला ने बताया कि इस अभियान में इंटरसेप्टर वाहन, प्रवर्तन दल, बाइक स्क्वॉड और टास्क फोर्स की टीमें संयुक्त रूप से तैनात रहीं। तीनों क्षेत्रों की टीमों ने मिलकर अब तक लगभग 2500 चालान किए हैं। विभाग का मुख्य उद्देश्य त्योहार के दौरान संभावित दुर्घटनाओं को रोकना और सड़क पर अनुशासन बनाए रखना है।

त्योहारी सीजन में बसों की कमी को देखते हुए परिवहन निगम को भी आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। आईएसबीटी से पर्याप्त संख्या में निगम की बसों का संचालन सुनिश्चित करने के लिए शेड्यूल प्राप्त कर लिया गया है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इसके अलावा, बड़े शहरों के लिए संचालित निजी बसों द्वारा अधिक किराया वसूलने की शिकायतों को भी गंभीरता से लिया जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि ओवरचार्जिंग की शिकायत मिलने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आगामी दिनों में भी मुख्य मार्गों पर प्रवर्तन टीमें तैनात रहेंगी और किसी भी तरह की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।