देहरादून में ई-ऑटो एजेंसी पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी, अतिरिक्त सीटें लगाकर बिक्री का मामला।

देहरादून

 

देहरादून में ई-ऑटो एजेंसी पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी, अतिरिक्त सीटें लगाकर बिक्री का मामला।

देहरादून में परिवहन विभाग ने ई-ऑटो में अवैध रूप से अतिरिक्त सीटें लगाए जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित एजेंसी और निर्माता कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आरटीओ प्रशासन संदीप सैनी ने जानकारी दी कि विभाग द्वारा हर गुरुवार को सार्वजनिक परिवहन से कार्यालय आने की पहल के तहत वाहनों की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण भी किया जाता है, ताकि जमीनी स्तर पर अनियमितताओं की पहचान की जा सके।

इसी क्रम में एक ई-ऑटो में अतिरिक्त सीटें लगी पाई गईं। प्रथम दृष्टया यह सीटें बाद में जोड़ी गई प्रतीत नहीं हुईं, बल्कि कंपनी स्तर से ही लगाकर वाहन उपलब्ध कराया गया था। मामले को गंभीर मानते हुए एआरटीओ और आरआई को मौके पर निरीक्षण के निर्देश दिए गए। जांच में पाया गया कि संबंधित एजेंसी कंपनी से ही अतिरिक्त सीटों के साथ ई-ऑटो की आपूर्ति कर रही थी।

परिवहन विभाग के अनुसार यह कृत्य Motor Vehicles Act का स्पष्ट उल्लंघन है। नियमों के विपरीत संरचनात्मक बदलाव कर वाहन बेचना सुरक्षा मानकों के साथ समझौता है। विभाग ने एआरटीओ को एजेंसी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही निर्माता कंपनी पर भी अधिकतम जुर्माना लगाया जा सकता है।

अधिकारियों के मुताबिक, उल्लंघन की गंभीरता के आधार पर एक लाख रुपये से लेकर पांच लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और भविष्य में भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।