देहरादून
देहरादून में हुए गुंजन श्रीवास्तव हत्याकांड को लेकर पुलिस प्रशासन ने जांच को तेज कर दिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया है, जो मामले की हर पहलू से पड़ताल करेगी। इस एसआईटी का नेतृत्व एसपी सिटी प्रमोद कुमार कर रहे हैं।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि एसआईटी में सीओ सिटी को विवेचक बनाया गया है, जबकि तकनीकी टीम के साथ-साथ अनुभवी सब इंस्पेक्टर और इंस्पेक्टरों को भी शामिल किया गया है। उनका कहना है कि जांच पूरी तरह गुणवत्तापरक होगी, जिसमें परिस्थितिजन्य, भौतिक और इलेक्ट्रॉनिक सभी साक्ष्यों को एकत्र किया जाएगा। साथ ही आवश्यक साक्ष्यों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य गवाहों के बयान जल्द से जल्द दर्ज किए जाएंगे, ताकि मामले को शीघ्र अंजाम तक पहुंचाकर न्यायालय में विचारण की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा सके।