देहरादून
अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख पर कायम धामी सरकार, कानून हाथ में लेने वालों को मुख्यमंत्री की दो टूक चेतावनी।
उत्तराखंड में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण को लेकर चल रहे अभियानों के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकार का रुख स्पष्ट किया है। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर सरकारी जमीन पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी साफ किया कि किसी संगठन या दल को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कहीं अतिक्रमण की जानकारी है तो उसे प्रशासन और संबंधित विभागों को दी जाए, ताकि विधि के अनुसार कार्रवाई हो सके। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि राज्य में सभी कार्रवाइयां कानून और प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत ही की जा रही हैं और कानून सभी के लिए समान है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि अतिक्रमण हटाने का अभियान पूरी तरह संवैधानिक और पारदर्शी तरीके से चलाया जा रहा है।