देहरादून
प्रयागराज महाकुंभ 2025 के दौरान उत्तराखंड राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) ने अपनी कुशलता और समर्पण से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उत्तर प्रदेश सरकार के विशेष अनुरोध पर उत्तराखंड की SDRF टीम को महाकुंभ में तैनात किया गया था, जहां संगम नोज जैसे अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र में टीम ने ड्यूटी निभाई। इस दौरान SDRF के जवानों ने रेस्क्यू ऑपरेशन, प्राथमिक उपचार, लापता श्रद्धालुओं की खोज और अन्य समन्वित राहत कार्यों में उल्लेखनीय योगदान दिया।
पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था उत्तराखंड और पुलिस मुख्यालय के मुख्य प्रवक्ता सुनील कुमार मीणा ने प्रेस वार्ता में बताया कि SDRF की सराहनीय सेवाओं को देखते हुए राज्य सरकार ने टीम को प्रोत्साहित किया है। उत्कृष्ट कार्य के लिए SDRF के जवानों को मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए हैं। साथ ही पुलिस महानिदेशक द्वारा भी महाकुंभ में ड्यूटी करने वाले SDRF के सभी जवानों की खुले तौर पर प्रशंसा की गई।