उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (प्रशासन) एवं अपर सचिव आपदा प्रबंधन  आनंद स्वरूप की सचिव पद पर पदोन्नति पर प्राधिकरण के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा उनका स्वागत किया गया।

देहरादून

 

उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (प्रशासन) एवं अपर सचिव आपदा प्रबंधन  आनंद स्वरूप की सचिव पद पर पदोन्नति पर प्राधिकरण के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा उनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों ने उनके प्रशासनिक अनुभव, कार्यकुशलता एवं जनहितकारी कार्यों की सराहना की। सचिव, आपदा प्रबंधन श्री विनोद कुमार सुमन ने आपदा प्रबंधन विभाग में  आनंद स्वरूप के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि  आनंद स्वरूप के अपर सचिव के कार्यकाल में विभागीय कार्यों को नई दिशा मिली तथा प्रशासनिक दक्षता और संवेदनशीलता के साथ कार्य संपन्न हुए।

बता दें कि  आनंद स्वरूप 1999 बैच के पीसीएस अधिकारी हैं। उनकी प्रशासनिक यात्रा की शुरुआत गैरसैंण में उप जिलाधिकारी (एसडीएम) के रूप में पहली पोस्टिंग से हुई। वर्ष 2004 में उन्हें उत्तर प्रदेश के लिए कार्यमुक्त किया गया तथा वर्ष 2016 में वे पुनः उत्तराखंड कैडर में आए। वर्ष 2017 में उन्हें 2010 बैच का आईएएस आवंटित हुआ।

अपने दीर्घ एवं विविध प्रशासनिक अनुभव के दौरान श्री आनंद स्वरूप ने कई महत्वपूर्ण दायित्वों का सफल निर्वहन किया है। वे अपर सचिव सहकारिता, दुग्ध विकास, पशुपालन, निदेशक दुग्ध विकास, अपर सचिव एमएसएमई, आयुष, संस्कृति, नियोजन, निर्वाचन एवं कृषि जैसे विभागों में कार्य कर चुके हैं। इसके अतिरिक्त निबंधक सहकारिता, आयुक्त ग्राम्य विकास तथा सचिव लोक सेवा आयोग के पद पर भी उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया। वे संस्कृति विभाग के प्रथम महानिदेशक रहे हैं तथा वर्ष 2011 में पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।

उनके कार्यकाल के दौरान कई उल्लेखनीय उपलब्धियां दर्ज की गईं। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में उत्तराखंड को देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ, वहीं एनआरएलएम के अंतर्गत अनेक मानकों में भी राज्य ने शीर्ष स्थान हासिल किया।  आनंद स्वरूप को कार्मिकों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण एवं सेवानिवृत्त कार्मिकों के देयकों के शीघ्र भुगतान के लिए विशेष रूप से जाना जाता है।