देहरादून
उत्तराखंड में नए साल से पहले मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 31 दिसंबर को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर बहुत हल्की वर्षा और बर्फबारी के आसार हैं। वहीं टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जैसे पर्वतीय जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।एक और दो जनवरी को भी पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का असर बना रह सकता है, जबकि 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। मैदानी जिलों में अगले कुछ दिनों तक घना कोहरा छाए रहने की आशंका जताई गई है। साथ ही प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।