देहरादून
उत्तराखंड राज्य अपने स्थापना दिवस 9 नवंबर को 25 वर्ष पूरे करने जा रहा है और इस अवसर को सरकार एक स्वर्णिम पर्व के रूप में मनाने जा रही है। संस्कृति विभाग के सचिव युगल किशोर पंत ने बताया कि एक से नौ नवंबर तक पूरे राज्य में “हिमालयी राज्यों का संगीत, कला और संस्कृति उत्सव” आयोजित किया जाएगा। देहरादून के कैंट स्थित सांस्कृतिक केंद्र में इस दौरान विविध विषयों पर कार्यशालाएं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और कला प्रदर्शनियां होंगी। उत्सव में उत्तराखंड के साथ-साथ अन्य हिमालयी राज्यों के कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियों से लोकसंस्कृति का समृद्ध रंग बिखेरेंगे। पंत ने बताया कि इस अवसर पर ‘निनाद उत्तराखंड डॉट कॉम’ नाम से एक विशेष वेबसाइट भी लॉन्च की जा रही है, जिसके माध्यम से लोग कार्यक्रमों की पूरी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और अपनी सीटें आरक्षित भी कर पाएंगे।