देहरादून
देहरादून में सिल्क एक्सपो का आयोजन किया गया, जहां कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्राचीन समय से ही लोगों का रुझान सिल्क के प्रति रहा है और आज भी सिल्क की बनी हुई साड़ियां न केवल भारत में बल्कि पूरे विश्व में प्रसिद्ध हैं। उन्होंने बताया कि देहरादून स्थित सिल्क बोर्ड ने पिछले कुछ वर्षों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। अजीत चौधरी के कार्यकाल में यहां सिल्क उत्पादन और विपणन को नई दिशा मिली।मंत्री जोशी ने जानकारी दी कि वर्तमान में 4500 से अधिक किसान इस क्षेत्र से जुड़े हुए हैं। पिछले वर्ष सिल्क बोर्ड द्वारा 5 करोड़ रुपये की साड़ियां बेची गईं और 1 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य लक्ष्य किसानों की आय को दोगुना करना है और इसी दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दो वर्ष पूर्व उन्होंने सिल्क उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए विशेष पारुल अंडे वितरित किए थे और हाल ही में उन्होंने उस साड़ी को देखा जो यहीं की बनी हुई थी। उन्होंने इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने योग्य बताया और इसकी गुणवत्ता को उत्तम करार दिया।सिल्क एक्सपो एक सप्ताह तक चलेगा और इसमें करीब 26 स्टॉल लगाए गए हैं। इसमें 12 राज्यों के प्रतिभागी शामिल हैं, हालांकि आपदा के कारण कुछ लोग नहीं पहुंच पाए। मंत्री ने एक्सपो में शामिल सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि उनकी बिक्री यहां भी अच्छी होगी। साथ ही एक्सपो के दौरान एक फैशन शो का भी आयोजन किया गया है, जिसमें विशेष अतिथि के रूप में खजानदार शामिल होंगे। मंत्री ने फैशन शो में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को भी बधाई दी।