देहरादून
नकल विरोधी कानून और हाल ही में सामने आए पेपर लीक मामले को लेकर सियासत गरमा गई है। बीजेपी मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बेरोजगार युवाओं के साथ खड़े हैं और उनकी मेहनत पर पानी फेरने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है और सैकड़ों आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। चौहान ने साफ किया कि पेपर लीक जैसा कोई मामला नहीं है, बल्कि एक सेंटर से परीक्षा शुरू होने के 35 मिनट बाद प्रश्नपत्र के तीन पेज बाहर आए थे। इसकी जांच जारी है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि कांग्रेस और अन्य दल सरकार को बदनाम करने के लिए षड्यंत्र रच रहे हैं।