देहरादून
देहरादून में लगातार अवैध अतिक्रमण और निर्माण पर मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) की कार्रवाई जारी है। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट किया कि चाहे सरकारी ज़मीन पर व्यवसायिक निर्माण हो या आवासीय, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि अवैध कार्यों को रोकने के लिए अभियान तेज़ी से चल रहा है और लोगों को वैध प्रक्रिया अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हाल की भारी बारिश के बाद नदियों और छोटे नालों के किनारे कई मकान और दीवारें क्षतिग्रस्त हुई हैं। इसके लिए सर्वे टीम बनाई गई है जो खतरनाक ज़ोन में आने वाले भवनों का निरीक्षण कर रही है। ऐसे भवनों के लिए या तो शिफ्टिंग की व्यवस्था की जाएगी या सुरक्षा उपाय किए जाएंगे। ऋषिकेश में अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए हैं ताकि लोगों को यह संदेश मिले कि अवैध काम की बजाय ऑनलाइन मैप अप्रूवल सिस्टम के ज़रिए नक्शे स्वीकृत करवाएँ। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया बेहद आसान है और आम जनता को इसे अपनाना चाहिए।