उत्तराखण्ड STF की बड़ी कार्रवाई: नकली दवाइयों के प्रिंटिंग प्रेस मालिक को हिमाचल से दबोचा

देहरादून ।।उत्तराखण्ड एसटीएफ ने नकली दवाइयों के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्रांडेड कंपनियों की नकली पैकेजिंग तैयार करने वाले एक प्रिंटिंग प्रेस के मालिक विजय कुमार पांडेय को बद्दी (हिमाचल प्रदेश) से गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, इस अवैध कारोबार से जुड़े कुल छह आरोपियों को अब तक गिरफ़्तार किया जा चुका है। गिरोह द्वारा जीवन रक्षक दवाइयों की नकल कर उन्हें बाजार में बेचे जाने की शिकायत के बाद यह कदम उठाया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ श्री नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ के निर्देश पर की गई है। नकली दवाइयों के कारण आमजन के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ रहा था और सरकार को भी राजस्व की भारी हानि हो रही थी।

1 जून 2025 को पहली गिरफ्तारी में संतोष कुमार नामक व्यक्ति के पास से भारी मात्रा में नकली रैपर, आउटर बॉक्स, लेबल और क्यूआर कोड बरामद हुए थे। इसके बाद मामले की विवेचना एसटीएफ को सौंपी गई। आगे की जांच में अब तक आरोपी नवीन बंसल, आदित्य काला, देवी दयाल गुप्ता और पंकज शर्मा को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।

गिरफ्तार आरोपी नवीन बंसल ने पूछताछ में खुलासा किया कि वह नकली दवाइयों को प्रिंटेड एल्युमिनियम फॉयल में पैक करता था, जिसमें ब्रांडेड कंपनियों के नाम और क्यूआर कोड छपे होते थे। यह फॉयल हिमाचल के बद्दी में स्थित S.V. Foil कंपनी के मालिक विजय कुमार पांडेय द्वारा तैयार की जाती थी। विजय पांडेय ने वर्ष 2021 में फर्जी आईडी पर मोबाइल सिम भी नवीन बंसल को दिया था, जिसका उपयोग इस अवैध नेटवर्क को चलाने में किया गया।

पूछताछ में विजय पांडेय ने स्वीकार किया कि वह एल्यूमिनियम फॉयल पर ब्रांडेड कंपनियों की जानकारी और क्यूआर कोड छापकर आरोपी नवीन बंसल व प्रदीप कुमार को सप्लाई करता था। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और कंपनियों की जानकारी जुटा रही है।

एसटीएफ की टीम अन्य राज्यों से आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटा रही है। उत्तराखण्ड एसटीएफ की यह कार्रवाई नकली दवाइयों के अवैध कारोबार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है। मामले की जांच अभी भी जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।