स्यानाचट्टी क्षेत्र में लगातार हो रही बरसात से यमुना नदी का जलस्तर तेज़ी से बढ़ गया है। करीब 400 मीटर इलाके में पानी भरने से सरकारी व निजी संपत्तियाँ प्रभावित हो रही हैं। जलस्तर में अचानक वृद्धि से लोगों में दहशत का माहौल है।
स्थानीय निवासी व होटल संचालक अपने घरों और होटलों को खाली कर आवश्यक सामान को सुरक्षित स्थानों तक ले जा रहे हैं। देर शाम नदी के बहाव में तेजी और मलबा आने से जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे लोग भयभीत होकर सुरक्षित जगहों की ओर निकल पड़े।
होटल कारोबारी बलदेव सिंह राणा समेत कई लोगों ने अपने प्रतिष्ठान खाली कर दिए और सामान सुरक्षित स्थानों तक पहुँचाया।
इधर, झील के मुहाने को खोलने के लिए तीसरे दिन भी सिंचाई विभाग की मशीनें मौके तक नहीं पहुँच सकीं। विभाग पिछले दो दिनों से कुपड़ा खड्ड के मुहाने पर तीन पोकलेन मशीनें उतारने की कोशिश कर रहा है, ताकि रास्ता बनाकर मशीनें झील तक पहुँचाई जा सकें।
सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता ई. पन्नीलाल ने जानकारी दी कि स्यानाचट्टी के पास यमुना नदी पर चैनलाइजेशन कार्य जारी है। साथ ही झील का बहाव नियंत्रित करने के लिए रास्ता बनाने का प्रयास किया जा रहा है।