उत्तराखंड में निकाय चुनाव के नतीजों को कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से अहम मान रही है। किच्छा में एक नगर परिषद और एक नगर पालिका में कांग्रेस की जीत के बाद पार्टी नेताओं के हौसले बुलंद हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने इन नतीजों को प्रदेश की राजनीति में बदलाव का संकेत बताया है। उन्होंने कहा कि दोनों निकायों में कांग्रेस की जीत इस बात को दर्शाती है कि जनता के दिलों-दिमाग में अब बदलाव की भावना पैदा हो रही है। जनता मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों से बदलाव चाहती है और इन चुनावी नतीजों में इसकी झलक साफ दिखाई दे रही है। प्रीतम सिंह ने दावा किया कि निकाय चुनाव के ये नतीजे आने वाले विधानसभा चुनाव की दिशा भी तय करेंगे और प्रदेश में कांग्रेस की वापसी का रास्ता मजबूत करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के इसी समर्थन के दम पर कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में सत्ता में वापसी करने जा रही है।
