देहरादून में आउटसोर्स कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संयुक्त मोर्चा आउटसोर्स कर्मचारी संघ उत्तराखंड के आह्वान पर प्रदेशभर के विभिन्न विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारी परेड ग्राउंड के बाहर धरने पर बैठे। कर्मचारियों ने आउटसोर्स व्यवस्था खत्म करने, समान काम के लिए समान वेतन और मानदेय में बढ़ोतरी की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।संयुक्त मोर्चा के बैनर तले बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मचारी धरने पर बैठे नजर आए। कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से विभिन्न सरकारी विभागों में सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें उनकी मेहनत के मुताबिक वेतन और सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।कर्मचारियों ने आउटसोर्स व्यवस्था समाप्त कर उन्हें नियमित व्यवस्था के तहत लाने और समान काम के लिए समान वेतन देने की मांग उठाई। कर्मचारियों का कहना है कि कई कर्मचारियों को महज 8 से 15 हजार रुपये तक मानदेय मिल रहा है। ऐसे में बढ़ती महंगाई के बीच परिवार का पालन-पोषण करना मुश्किल हो रहा है।
कर्मचारियों ने सरकार को चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा और आने वाले दिनों में प्रदर्शन को और तेज किया जाएगा।
