अंकिता की चौथी बरसी पर न्याय यात्रा, कमला पंत ने VIP गिरफ्तारी और CBI जांच की मांग उठाई

देहरादून

 

अंकिता भंडारी हत्याकांड को चार साल पूरे होने पर देहरादून में न्याय की मांग को लेकर आवाज तेज हुई। गांधी पार्क से घंटाघर तक न्याय यात्रा निकाली गई। इस दौरान अंकिता को न्याय दिलाने के साथ मामले की जांच को लेकर सरकार से कई सवाल पूछे गए।

अंकिता भंडारी की चौथी बरसी पर कई संगठन और बड़ी संख्या में लोग गांधी पार्क में जुटे। श्रद्धांजलि के बाद गांधी पार्क से घंटाघर तक न्याय यात्रा निकाली गई। प्रदर्शनकारियों ने अंकिता को न्याय दिलाने और मामले में लंबित सवालों के जवाब देने की मांग की।

अंकिता न्याय संघर्ष समिति की अध्यक्ष कमला पंत ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मामले में सामने आए VIP नामों की जांच और गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही उन्होंने CBI जांच में देरी का आरोप लगाते हुए जल्द जांच शुरू करने की मांग उठाई।

कमला पंत ने वनंतरा रिजॉर्ट पर बुलडोजर चलाए जाने को लेकर भी सवाल उठाए और कथित तौर पर साक्ष्य नष्ट करने वालों पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि अंकिता के न्याय और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।