हरिद्वार में नए UIDAI आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ किया

हरिद्वार में नए UIDAI आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया है। उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री और हरिद्वार विधायक मदन कौशिक ने फीता काटकर नए आधार सेवा केंद्र का उद्घाटन किया।

हरिद्वार में शुरू किया गया यह आधार सेवा केंद्र 8 ऑपरेशनल किट से लैस है, जहां नागरिकों को आधार नामांकन, डेमोग्राफिक और बायोमेट्रिक अपडेट, करेक्शन और शिकायत निवारण जैसी सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी।

खास बात यह है कि यह केंद्र सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर सभी दिन संचालित होगा। केंद्र में दिव्यांगजनों के लिए सुविधाजनक पहुंच, सुलभ शौचालय और शिकायतों के त्वरित समाधान की भी व्यवस्था की गई है।

वहीं 5 से 17 साल तक के बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा 30 सितंबर 2026 तक निशुल्क उपलब्ध रहेगी। यह सुविधा आधार सेवा केंद्रों के साथ-साथ उत्तराखंड के विभिन्न स्कूल कैंपों में भी दी जाएगी।

उद्घाटन के दौरान मदन कौशिक ने केंद्र का निरीक्षण किया और नागरिकों एवं कर्मचारियों से बातचीत कर आधार सेवाओं की जानकारी ली। UIDAI का कहना है कि नए केंद्र के शुरू होने से हरिद्वार में नागरिकों को आधार संबंधी सेवाएं और अधिक आसानी और बेहतर तरीके से मिल सकेंगी।