हल्द्वानी में 8 अगस्त को हुई कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद हुए साफ-सफाई और शुद्धिकरण को लेकर उत्तराखंड में सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस इसे दलित विरोधी मानसिकता से जोड़कर सवाल उठा रही है, तो वहीं बीजेपी इस पूरे प्रकरण से खुद को अलग बता रही है।
इसी बीच हल्द्वानी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद मामला और गरमा गया है। ‘श्री राम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास’ के सदस्य अमित कुमार ने राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। अमित कुमार वाल्मीकि समाज से आते हैं और अनुसूचित जाति से संबंधित हैं।
राहुल गांधी पर दर्ज एफआईआर को लेकर अब उत्तराखंड क्रांति दल ने भी प्रतिक्रिया दी है। यूकेडी का कहना है कि अब पहले जैसी राजनीति नहीं रही है। पार्टी के मुताबिक मौजूदा दौर में राजनीतिक दलों के नेता एक-दूसरे को कमतर आंकने और नीचा दिखाने की राजनीति कर रहे हैं। यूकेडी ने कहा कि इस पूरे प्रकरण को भी इसी नजरिए से देखा जाना चाहिए।
यूकेडी के केंद्रीय महामंत्री देवचंद उत्तराखंडी ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल अपनी मूल विचारधारा पर कायम है। पार्टी के लिए हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सभी समान हैं और सामाजिक समरसता एवं उत्तराखंड की एकता पार्टी के मूल सिद्धांतों में शामिल हैं।