पीआईबी देहरादून की ओर से गोपेश्वर में आयोजित हुई क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला ‘वार्तालाप’

 

पीआईबी देहरादून की ओर से गोपेश्वर में आयोजित हुई क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला ‘वार्तालाप’

तथ्यपरक पत्रकारिता से जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच होगी और प्रभावी

पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), देहरादून, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के तत्वावधान में जिला पंचायत सभागार, गोपेश्वर में क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला ‘वार्तालाप’ का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकासपरक पहलों एवं जनहितकारी कार्यक्रमों की जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों तक पहुंचाने के साथ ही इन योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार में मीडिया की भूमिका पर सार्थक संवाद स्थापित करना रहा।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट मुख्य अतिथि के रूप में तथा नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत, जिलाधिकारी गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सकता है, जब उनकी सही और उपयोगी जानकारी समय पर आमजन तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि इस दिशा में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। स्थानीय मीडिया अपनी व्यापक पहुंच के माध्यम से दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को योजनाओं के प्रति जागरूक करने और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।