मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में कुंभ मेला-2027 के दौरान आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों और जिलाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि संभावित आपदाओं को देखते हुए सभी तैयारियां पहले से पूरी की जाएं, ताकि आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई हो सके।
मुख्य सचिव ने पूरे कुंभ क्षेत्र की सेक्टरवार निकासी योजना तैयार करने के साथ क्राउड मैनेजमेंट, ट्रैफिक, इवेक्यूएशन और फायर कंट्रोल के लिए समेकित आपदा प्रबंधन योजना बनाने के निर्देश दिए। भूकंप, बाढ़ और सीबीआरएन आपात स्थितियों के लिए स्पष्ट एसओपी तैयार करने को कहा।
उन्होंने आपदा प्रबंधन से जुड़े उपकरणों की उपलब्धता, नियमित रखरखाव और कार्मिकों के प्रशिक्षण पर जोर दिया। साथ ही पीक टाइम को ध्यान में रखते हुए नियमित मॉक ड्रिल कराने और वैकल्पिक मार्गों व रिस्पांस मैकेनिज्म का परीक्षण करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने एआई एवं आधुनिक तकनीक के उपयोग, मजबूत कम्युनिकेशन सिस्टम, अफवाहों की रोकथाम और मोबाइल नेटवर्क क्षमता बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कंट्रोल रूम को मजबूत करते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय से व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।