देहरादून– नागरिक सुविधाओं को अधिक सुदृढ़ और त्वरित बनाने के लिए देहरादून नगर निगम द्वारा आज क्विक रिस्पॉन्स टीम का गठन किया गया। इस दौरान शहरी विकास व कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैडा ने पांच वाहनों को हरी झंडी दिखाकर टीम का उद्घाटन किया और मेयर सौरभ थपलियाल, नगर आयुक्त आलोक पाण्डेय, पार्षद और निगम अधिकारी मौजूद रहे। मौके पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैडा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश को ग्रीन-क्लीन बनाने का काम लगातार जारी है, इसी उद्देश्य से आज पांच गाड़ियों को हरी झंडी दी गई है। उन्होंने कहा कि मेयर, आयुक्त, सभी पार्षद और कर्मचारियों-अधिकारियों के योगदान से शहरों को स्वच्छ बनाने की दिशा में काम हो रहा है। राम सिंह कैडा ने बताया कि क्विक रिस्पॉन्स टीम विशेष रूप से शादी समारोह जैसे आयोजनों में पहुंचेगी, जहाँ एकत्र होने वाले कूड़ा-कचरे को मौके पर ही उठाकर निर्धारित स्थान तक पहुंचाया जाएगा, ताकि कचरा एक जगह इकट्ठा न हो, इससे शहर में स्वच्छता बनी रहेगी और नागरिकों को तुरं राहत मिलेगी इसके साथ ही नगर निगम की यह पहल स्वच्छ शहर की मुहिम को और गति देगी। वही मेयर सौरभ थपलियाल ने बताया कि यह गठित टीम शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाते हुए देहरादून को साफ सुथरा बनाने के अभियान को गति भी देगा।