देहरादून: उत्तराखंड के ऊर्जा निगमों में प्रबंध निदेशक (एमडी) के पदों पर लंबे समय से चल रहा सस्पेंस आखिरकार समाप्त हो गया है। सरकार ने महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लेते हुए पीसी ध्यानी को यूपीसीएल (UPCL) का प्रबंध निदेशक तथा ए.के. सिंह को यूजेवीएनएल (UJVNL) का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया है।
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डी.सी. गुरुरानी ने कहा कि यह निर्णय मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच, पारदर्शी कार्यशैली और योग्य अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपने की नीति का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि पी.सी. ध्यानी के नेतृत्व में उत्तराखंड का ऊर्जा क्षेत्र नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
नई नियुक्तियों के बाद ऊर्जा ऑफिसर्स, सुपरवाइजर्स एंड स्टाफ एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है। एसोसिएशन का कहना है कि पीसी ध्यानी की यूपीसीएल में एमडी के पद पर नियुक्ति ऊर्जा क्षेत्र के लिए एक सकारात्मक और सार्थक कदम साबित होगी।
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष ने दोनों नव-नियुक्त प्रबंध निदेशकों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में ऊर्जा निगमों की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी होगी तथा उपभोक्ताओं और कर्मचारियों के हित में बेहतर निर्णय लिए जाएंगे।