देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) की 158वीं पासिंग आउट परेड में इतिहास रचा गया, जब पहली बार 9 महिला कैडेट्स भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में कमीशन हुईं। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ महिला कैडेट्स ने पुरुष कैडेट्स के साथ कदमताल करते हुए परेड में हिस्सा लिया और नई मिसाल कायम की।
इस अवसर पर पास आउट हुई एक महिला कैडेट ने कहा कि भारतीय सेना की वर्दी पहनकर देश सेवा करना उनके लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने बताया कि IMA का प्रशिक्षण चुनौतीपूर्ण जरूर था, लेकिन प्रशिक्षकों, स्टाफ और साथी कैडेट्स के सहयोग से उन्होंने हर परीक्षा को सफलतापूर्वक पार किया। महिला कैडेट ने कहा कि यह उपलब्धि उन सभी युवतियों के लिए प्रेरणा है जो सेना में शामिल होकर देश की सेवा करने का सपना देखती हैं। उन्होंने अपने परिवार और अकादमी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनकी प्राथमिकता एक जिम्मेदार सैन्य अधिकारी के रूप में देश की सेवा करना है।