देहरादून
विकसित भारत-2047 के संकल्प को पूरा करने में सबका सहयोग जरूरी – मुख्यमंत्री
*मुख्यमंत्री ने 6940 करोड़ की 12 प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा
*50 प्रतिशत से अधिक प्रगति वाली परियोजनाओं को 15 अक्टूबर 2026 तक पूर्ण करने के निर्देश।
*मुख्यमंत्री स्तर पर मासिक एवं मुख्य सचिव स्तर पर प्रत्येक 10 दिन में होगी समीक्षा।*
विकसित भारत-2047 के संकल्प को पूरा करने में सबका सहयोग जरूरी: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में 6940 करोड़ रुपये की 12 प्रमुख विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं की प्रगति 50 प्रतिशत से अधिक है, उन्हें 15 अक्टूबर 2026 तक पूरा किया जाए। परियोजनाओं की मुख्यमंत्री स्तर पर मासिक तथा मुख्य सचिव स्तर पर प्रत्येक 10 दिन में समीक्षा होगी।
मुख्यमंत्री ने भूमि हस्तांतरण, वन एवं पर्यावरणीय स्वीकृतियों, भूमि अधिग्रहण और क्षतिपूर्ति भुगतान से जुड़े लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं में अनावश्यक देरी पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
बैठक में रामनगर आईएसबीटी, रानीखेत बस टर्मिनल, बनबसा और रुद्रप्रयाग विद्युत उपकेंद्र, चारधाम सड़क परियोजनाएं, अस्कोट-लिपुलेख मार्ग, माणा पास सड़क तथा हरिद्वार और काशीपुर की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन से पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।