ऋषिकेश
ऋषिकेश में अखिल भारतीय महापौर परिषद की 117वीं कार्यकारी समिति बैठक में शामिल हुए मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश में आयोजित अखिल भारतीय महापौर परिषद की 117वीं कार्यकारी समिति बैठक में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने ₹29.78 करोड़ की तीन विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया, जिनमें ₹23.15 करोड़ की सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट योजना का लोकार्पण तथा ₹6.63 करोड़ की लागत से ईवी चार्जिंग स्टेशन और वर्षा जल संचयन कार्यों का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने देशभर से आए महापौरों का स्वागत करते हुए कहा कि शहरों का विकास विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में पर्यटन और तीर्थाटन को नई गति मिली है। इस वर्ष चारधाम यात्रा के 45 दिनों में 30 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जो एक नया रिकॉर्ड है।
उन्होंने कहा कि राज्य में स्वच्छ भारत मिशन, स्मार्ट सिटी मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि योजना और अमृत मिशन जैसी योजनाओं के माध्यम से शहरी विकास को मजबूती दी जा रही है। साथ ही नगर निकायों में अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, निराश्रित गौवंश आश्रय योजना तथा एनिमल बर्थ कंट्रोल योजना जैसी पहलें भी संचालित की जा रही हैं।
कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य के अनुरूप उत्तराखंड को भी आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।