देहरादून
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे के दूसरे दिन भी संगठनात्मक बैठकों का दौर जारी रहा। देहरादून में आयोजित बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, मोर्चा अध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ संगठन विस्तार और आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। भाजपा मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी नेताओं से जिलों में प्रवास तेज करने और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय बनाने का आह्वान किया। साथ ही विधानसभा और जिला स्तर पर समितियों के जल्द गठन के निर्देश भी दिए गए। बैठक में लोकसभा चुनाव में मजबूत प्रदर्शन करने वाले बूथों को और सशक्त बनाने के साथ कमजोर बूथों पर विशेष फोकस करने की रणनीति पर भी मंथन हुआ। पार्टी नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर सरकार की योजनाओं और संगठन की गतिविधियों को प्रभावी तरीके से पहुंचाने का आह्वान किया।