देहरादून
बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर ने कहा कि वैश्विक स्तर पर ऊर्जा संकट जरूर बना हुआ है, लेकिन भारत में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कहीं भी अफरा-तफरी जैसे हालात नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में पेट्रोल की भारी किल्लत जैसी बातें सही नहीं हैं। नवीन ठाकुर ने बताया कि वह खुद स्कूटी से चंपावत तक यात्रा कर चुके हैं और रास्ते में उन्हें कहीं भी पेट्रोल की दिक्कत नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यात्रा सीजन के चलते कुछ जगहों पर दबाव जरूर बढ़ा है, लेकिन जल्द स्थिति सामान्य हो जाएगी। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत की अपील का समर्थन करते हुए कहा कि अब वह छोटी दूरी के लिए साइकिल का अधिक इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने आमजन, खासकर युवाओं से अपील की कि लोकल दूरी के लिए साइकिल और लंबी दूरी के लिए सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें, ताकि ईंधन की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दिया जा सके।