देहरादून में 28 मई को मनाए जाने वाले ईद-उल-जुहा पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है।

देहरादून

 

देहरादून में 28 मई को मनाए जाने वाले ईद-उल-जुहा पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है और इस त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए देहरादून पुलिस ने पूरे जनपद को छह सुपर जोन और 27 सेक्टरों में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोबाल का कहना है कि ईद पर संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने के साथ ही अफवाह या विवाद फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी जबकि इस दौरान गोवंश की तस्करी पर भी विशेष नजर रखी जाएगी।

छह सुपर जोन और 27 सेक्टरों में बांटा गया शहर

देहरादून एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के अनुसार ईद-उल-जुहा को लेकर जिलेभर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और वरिष्ठ अधिकारियों को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस लगातार आबादी वाले क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक कर स्थानीय लोगों से संवाद बना रही है ताकि त्योहार के दौरान किसी प्रकार का तनाव न हो। उनका कहना है कि त्यौहार को भाईचारे और हर्षोल्लास के साथ मनाने के लिए सभी समुदायों का सहयोग लिया जा रहा है। संवेदनशील इलाकों पर रहेगी विशेष नजर इसके साथ ही एसएसपी ने कहा है कि जिले में संवेदनशील क्षेत्रों को भी चिन्हित किया गया है जहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर खुफिया तंत्र के जरिए नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि ईद पर किसी तरह का कोई उन्माद ना फैले इसके लिए पुलिस की इंटेलिजेंस टीमें भी लगातार फील्ड में सक्रिय रहेंगी।