देहरादून
उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने देहरादून के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायपुर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में सभी डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित मिले। स्वास्थ्य मंत्री ने पर्चा काउंटर, ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, दवा वितरण केंद्र और साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए मरीजों से भी बातचीत की और उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर बेहतर इलाज और सभी जरूरी दवाइयां अस्पताल से ही उपलब्ध कराई जाएं ताकि किसी को बाहर से दवा खरीदने की जरूरत न पड़े। स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश भी दिए। वहीं उन्होंने सीएचसी रायपुर की निर्माणाधीन नई बिल्डिंग का निरीक्षण करते हुए कहा कि नए भवन के बनने से क्षेत्रवासियों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा और अस्पताल की कार्यक्षमता भी बढ़ेगी।