उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सड़कों पर नमाज व अन्य धार्मिक गतिविधियों पर सख्त रुख के बीच उत्तराखंड में सियासी घमासान छिड़ गया है।

देहरादून

 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सड़कों पर नमाज व अन्य धार्मिक गतिविधियों पर सख्त रुख के बीच उत्तराखंड में सियासी घमासान छिड़ गया है। पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत के सड़क पर नमाज पढ़ना जायज़ वाले बयान पर भाजपा ने तीखा पलटवार किया है। भाजपा विधायक विनोद चमोली के अनुसार हरिश रावत के इस बयान से धार्मिक अराजकता फैलाने वालों के हौसले बुलंद होंगे, और जिन्होंने पहले भी इस प्रकार के कई प्रयास किए हैं उनका मनोबल भी बढ़ सकता है।

हरीश रावत पर निशाना साधते हुए चमोली ने कहा कि यह देवभूमि है, देवबंद की भूमि नहीं है और देवभूमि को हरिश रावत देवबंद की भूमि न बनाएं। भाजपा विधायक ने कहा कि हरीश रावत वरिष्ठ नेता हैं, बुजुर्ग हैं और उत्तराखंडियत पर तरह-तरह के भाषण व रील बनाते रहते हैं, लेकिन उत्तराखंडियत में देवभूमि होना भी शामिल है इसलिए कम से कम हरिश रावत को इसके विरुद्ध नही जाना चाहिए।