उत्तराखंड में गर्मी का कहर, 40 डिग्री पहुंचा पारा, मौसम विभाग ने जारी किया हीट वेव अलर्ट।

देहरादून

 

उत्तराखंड में गर्मी का कहर, 40 डिग्री पहुंचा पारा, मौसम विभाग ने जारी किया हीट वेव अलर्ट।

मौसम केंद्र देहरादून के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि उत्तर भारत के साथ-साथ उत्तराखंड में भी 15-16 मई के बाद से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटे में मैदानी इलाकों में पारा 40 डिग्री के आसपास रहा, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में कुछ जगह तापमान 30 डिग्री तक पहुंचा। डॉ. तोमर के अनुसार अगले एक-दो दिन में तापमान में 1 से 2 डिग्री की और बढ़ोतरी हो सकती है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। मौसम केंद्र निदेशक ने बताया कि हरिद्वार, देहरादून, उत्तरकाशी के कुछ क्षेत्र, पौड़ी, उधमसिंह नगर और नैनीताल समेत आसपास के इलाके भीषण गर्मी की चपेट में रहेंगे। हालांकि 48 घंटे बाद तापमान में बड़ी बढ़ोतरी की संभावना नहीं है। इसके बाद पहाड़ी जिलों उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर और रुद्रप्रयाग में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 22 और 23 मई के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है। इन दो दिनों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों से दोपहर में धूप से बचने और हीट वेव से सतर्क रहने की अपील की है।