देहरादून
करीब एक वर्ष पहले देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित अजय बेटोजा हत्याकांड का देहरादून पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात शूटर और हिस्ट्रीशीटर राजन उर्फ जेकी को गिरफ्तार किया है। मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि हत्या के पीछे संपत्ति विवाद मुख्य वजह था।एसएसपी ने बताया कि मृतक के सौतेले भाई अमित बेटोजा ने आरोपी राजन उर्फ जेकी को अपने भाई की हत्या की सुपारी दी थी। आरोपी ने अपनी प्रेमिका और अन्य साथियों के साथ मिलकर पूरी साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस जांच में मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई गई।पुलिस के मुताबिक आरोपी राजन उर्फ जेकी पश्चिमी यूपी का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर हत्या, लूट, रंगदारी, गैंगस्टर और गुंडा एक्ट समेत दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। एसएसपी ने बताया कि हत्या के बाद आरोपी ने इसे आत्महत्या दिखाने की भी कोशिश की थी, लेकिन पुलिस जांच में पूरा मामला खुलकर सामने आ गया। फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।