उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पश्चिम बंगाल में मिली जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे ऐतिहासिक और असाधारण बताया।

देहरादून

 

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पश्चिम बंगाल में मिली जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे ऐतिहासिक और असाधारण बताया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक जीत नहीं है, बल्कि वहां की जनता की आशाओं, विश्वास और बदलाव की आकांक्षा की जीत है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने विकास, सुशासन और पारदर्शिता के पक्ष में अपना समर्थन दिया है। उन्होंने इस जीत का श्रेय देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को देते हुए कहा कि उनके विजन और नीतियों पर जनता का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने आगे कहा कि डबल इंजन की सरकार का मॉडल देशभर में सफल साबित हो रहा है, जहां केंद्र और राज्य सरकार मिलकर तेजी से विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही हैं। धामी ने विश्वास जताया कि इस जीत के बाद पश्चिम बंगाल में विकास की नई गति देखने को मिलेगी और वहां की जनता को बेहतर शासन का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और समर्पण ने इस जीत को संभव बनाया है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यह परिणाम देश की राजनीति में एक महत्वपूर्ण संदेश देता है कि जनता अब विकास और स्थिर नेतृत्व को प्राथमिकता दे रही है।