प्रदेश में मौसम ने ली करवट

उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के कई हिस्सों में आसमान में बादल छाए हुए हैं और मौसम में बदलाव साफ तौर पर देखा जा रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले समय में राज्य के कई जिलों में बारिश और गर्जन के साथ मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान जताया है।

 

मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और गर्जन की संभावना है। वहीं अन्य पहाड़ी जनपदों में भी अनेक स्थानों पर हल्की बारिश के साथ गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने का अनुमान है। इसके साथ ही 3200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की भी संभावना जताई गई है।

 

वहीं राज्य के मैदानी जनपदों में भी कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा, गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना मौसम विभाग ने व्यक्त की है। मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा से बचने की सलाह दी है।