देहरादून
उत्तराखंड में यूनिफॉर्म सिविल कोड के एक वर्ष पूरे, भाजपा विधायक खजान दास ने मुख्यमंत्री को बताया ऐतिहासिक निर्णय।
उत्तराखंड में यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) लागू होने के एक वर्ष पूरे होने पर सियासी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इस अवसर पर भाजपा विधायक खजान दास ने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में जब यूसीसी को लेकर घोषणा हुई थी, तब समाज के विभिन्न वर्गों में इसे लेकर आशंकाएं थीं। अलग-अलग जाति, धर्म और संप्रदायों के रहते इसे लागू करना एक बड़ी चुनौती माना जा रहा था।
खजान दास के अनुसार 27 जनवरी 2025 को यूसीसी लागू हुआ और इसके बाद कहीं भी कोई असंतोष या विरोध देखने को नहीं मिला। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों ने इसे सहज रूप से स्वीकार किया, जो सरकार की सबसे बड़ी सफलता है। विधायक ने मुख्यमंत्री को इस ऐतिहासिक फैसले के लिए बधाई दी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना, जिसकी सराहना पूरे देश में हो रही है और संसद से लेकर अन्य राज्यों तक यूसीसी चर्चा का विषय बना हुआ है।