देहरादून
उत्तराखंड में सरकारी भर्तियों को लेकर बड़ा दावा, शिक्षा विभाग में 1100 से अधिक सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र।
उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोलने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह प्रक्रिया केवल एक शुरुआत है और आने वाले समय में भर्तियों का सिलसिला और तेज होगा। हाल ही में शिक्षा विभाग में 1100 से अधिक सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि इसके साथ ही प्रदेश में अब तक कुल नियुक्तियों की संख्या 28 हजार से अधिक हो चुकी है।
मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट किया कि सरकार का संकल्प है कि युवाओं को उनकी योग्यता, प्रतिभा और क्षमता के आधार पर रोजगार मिले। भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून को प्रभावी रूप से लागू किया गया है, जिसका सकारात्मक असर देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में हुई नियुक्तियां अपने आप में रिकॉर्ड हैं और राज्य गठन के बाद की कुल नियुक्तियों में से दो तिहाई से अधिक इसी अवधि में हुई हैं। आने वाले एक वर्ष में 10 से 15 हजार नई भर्तियों की संभावना भी जताई गई है।