शीत लहर और बर्फबारी को लेकर उत्तराखंड सरकार अलर्ट,आपदा प्रबंधन विभाग पूरी तरह तैयार ।

देहरादून

 

 

शीत लहर और बर्फबारी को लेकर उत्तराखंड सरकार अलर्ट,आपदा प्रबंधन विभाग पूरी तरह तैयार । उत्तराखंड में बढ़ती ठंड और संभावित बर्फबारी को देखते हुए राज्य सरकार अलर्ट मोड पर है। आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि आम जनमानस और पशुधन की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। सार्वजनिक स्थानों और चौराहों पर अलाव की व्यवस्था की गई है, वहीं रात के समय विशेष अभियान चलाकर खुले में सो रहे निराश्रितों को रैन बसेरों में पहुंचाया जा रहा है।

आपदा प्रबंधन सचिव ने बताया कि शीत लहर से होने वाली बीमारियों जैसे हाइपोथर्मिया से निपटने के लिए दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखा गया है। ऊंचाई वाले और बर्फबारी से प्रभावित क्षेत्रों में मार्च तक के लिए राशन और आवश्यक वस्तुओं का अग्रिम भंडारण किया गया है। इसके साथ ही पशुओं के लिए चारे और पशु चिकित्सा की व्यवस्था की गई है। गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष डेटाबेस तैयार किया गया है, ताकि रास्ते बंद होने की स्थिति में भी समय पर सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित किया जा सके।