देहरादून
देहरादून में बुधवार को राज्य कैबिनेट की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसकी ब्रीफिंग सचिव मुख्यमंत्री मीनाक्षी सुंदरम ने दी। इस दौरान महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी और स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार भी मौजूद रहे। कैबिनेट बैठक में कुल 11 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई, जिनका सीधा लाभ आम जनता, किसान, कलाकार, डॉक्टर और उद्योग जगत को मिलेगा।कैबिनेट ने हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नेचुरल गैस पर वैट 20 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत करने का निर्णय लिया, जिससे घरेलू और औद्योगिक उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। वहीं, धराली आपदा प्रभावित क्षेत्र के सेब किसानों से सरकार 51 रुपये प्रति किलो की दर से सेब खरीदेगी।संस्कृति विभाग के अंतर्गत कलाकारों का मासिक भत्ता 3 हजार से बढ़ाकर 6 हजार रुपये कर दिया गया है। इसके साथ ही भवन निर्माण प्रक्रिया को आसान, औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहन, चिकित्सा शिक्षा में डॉक्टरों की सेवा आयु बढ़ाने और गोल्डन कार्ड योजना में 100 प्रतिशत लाभ देने जैसे कई जनहितकारी फैसलों पर भी मुहर लगी।