देहरादून
बदलते मौसम और बढ़ते प्रदूषण से स्वास्थ्य पर खतरा, दून अस्पताल अलर्ट मोड पर देहरादून में मौसम के बदलाव, शुष्क सर्दी और बढ़ते प्रदूषण का असर लोगों की सेहत पर साफ नजर आने लगा है। खासतौर पर बुजुर्गों, बच्चों और पहले से सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए यह मौसम परेशानी बढ़ाने वाला साबित हो रहा है। दून अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर (डॉ.) रविंद्र सिंह बिष्ट के अनुसार ड्राई कोल्ड वेदर के साथ प्रदूषण और पराग कण मिलकर नाक, कान, गला और छाती से जुड़ी समस्याएं बढ़ा रहे हैं। इस मौसम में एलर्जी, अस्थमा और सीओपीडी के मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। अस्पताल प्रशासन ने बच्चों, चेस्ट और ईएनटी विभाग को पूरी तरह तैयार रखा है। आईसीयू, वार्ड और जरूरी दवाइयों की व्यवस्था पहले से कर ली गई है। डॉक्टरों ने लोगों से सावधानी बरतने, जरूरत पड़ने पर समय रहते इलाज कराने की अपील की है।