आत्मनिर्भर भारत अभियान को सफल बनाने के लिए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने की बैठक

देहरादून

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को अपने कैंप कार्यालय में श्रीदेव सुमन नगर मंडल के पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। मंत्री जोशी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि 17 अक्टूबर को आयोजित होने वाली कार्यशाला को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करें।

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत अभियान देश की आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी प्रगति का प्रतीक बन चुका है। इस अभियान ने स्थानीय उद्योगों, युवाओं, महिला समूहों और स्टार्टअप्स को नई दिशा दी है। मंत्री जोशी ने कहा कि “लोकल के लिए वोकल बनो” का मंत्र अब जन-जन की भावना बन गया है और उत्तराखंड में कुटीर उद्योग, हस्तशिल्प व जैविक खेती राज्य की आत्मनिर्भरता के प्रतीक बन चुके हैं।

 

बैठक के दौरान भाजपा युवा मोर्चा के महानगर मंत्री जितेन्द्र बिष्ट के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया और दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।

 

इस अवसर पर प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, वरिष्ठ भाजपा नेता आर.एस. परिहार, निरंजन डोभाल, आशीष थापा, अरविंद डोभाल, पूनम नौटियाल सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।