आज से बदलेगा मौसम: देहरादून समेत कई जिलों में तेज बारिश के आसार, येलो अलर्ट जारी

देहरादून।उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। रविवार से 8 अक्टूबर तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज दौर की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने देहरादून, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों के कुछ इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सी.एस. तोमर ने बताया कि निम्न दबाव का क्षेत्र बनने के कारण राज्य में पांच से आठ अक्तूबर के बीच मौसम सक्रिय रहेगा। विशेष रूप से छह और सात अक्तूबर को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से भारी बारिश होने की संभावना है।

तोमर ने कहा कि इसके बाद मौसम में सुधार देखने को मिल सकता है। उन्होंने बताया कि पोस्ट मानसून अवधि में उत्तराखंड में सामान्यतः हल्की बारिश होती है, लेकिन इस बार निम्न दबाव क्षेत्र और पश्चिमी विक्षोभ के मिलन से मानसून की पूरी तरह विदाई नहीं हो पाई है, जिससे राज्य में एक बार फिर तेज बारिश हो रही है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदियों-नालों के किनारे जाने से बचें, और यात्रा से पहले मौसम की स्थिति की जानकारी अवश्य लें।