जनपद चमोली के सवाड़ गांव को मिली केंद्रीय विद्यालय की सौगात

 

 

देहरादून।उत्तराखंड के जनपद चमोली के प्रसिद्ध सवाड़ गांव को आखिरकार केंद्रीय विद्यालय की सौगात मिल गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और केंद्रीय मंत्रिमंडल का आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सवाड़ गांव में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की मांग लंबे समय से की जा रही थी। राज्य सरकार की लगातार पहल और अनुरोध के बाद इस विद्यालय को स्वीकृति मिलना पूरे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि सीमांत जिले चमोली में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से यहां के छात्र-छात्राओं को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी तथा इस क्षेत्र को नई पहचान भी मिलेगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में शिक्षा के अनुकूल माहौल बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। शिक्षकों को प्रशिक्षण और नवाचार से जोड़ने के साथ ही सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि विद्यार्थियों को न केवल अच्छी शिक्षा मिले बल्कि उन्हें एक सकारात्मक शैक्षिक वातावरण भी प्राप्त हो।