कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान अंतिम चरण में, टिहरी जिले में रिपोर्ट तैयार – जल्द होगा जिलाध्यक्ष का ऐलान

देहरादून। उत्तराखंड में कांग्रेस पार्टी का संगठन सृजन अभियान अब अपने अंतिम चरण में है। प्रदेशभर में संगठन को मज़बूत करने के लिए जिलों में भेजे गए पर्यवेक्षक लगातार कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं और संगठन की जमीनी स्थिति का आकलन कर रहे हैं।

 

इसी क्रम में टिहरी जिले के लिए ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक कुलदीप राठौर ने जिले का दौरा किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से विस्तृत बातचीत कर उनकी राय जानी और संगठन की मजबूती से जुड़े मुद्दों पर फीडबैक लिया।

 

मीडिया से बातचीत में कुलदीप राठौर ने कहा कि “हमारे द्वारा जिले के प्रत्येक कार्यकर्ता और पदाधिकारी से संवाद स्थापित किया गया है। उसी आधार पर रिपोर्ट लगभग तैयार कर ली गई है। इस रिपोर्ट को हम जल्द ही शीर्ष नेतृत्व को सौंप देंगे। उसके बाद जिलाध्यक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा की जाएगी।”

 

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान सिर्फ पदाधिकारी तय करने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह कार्यकर्ताओं की भावनाओं और उनके सुझावों को महत्व देने का भी प्रयास है। यही कारण है कि हर जिले में पर्यवेक्षक सीधे कार्यकर्ताओं से मिलकर संगठन की ताकत और कमजोरियों को समझने का प्रयास कर रहे हैं।

 

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, रिपोर्ट सौंपने के बाद कांग्रेस नेतृत्व जल्द ही जिलाध्यक्षों की नियुक्ति कर सकता है। माना जा रहा है कि संगठनात्मक फेरबदल से पार्टी को जमीनी स्तर पर नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी, खासकर तब जब आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो रही हैं।