नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज एक दिवसीय नैनीताल दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पार्वती प्रेमा जगाती सरस्वती विहार बीर भट्टी में आयोजित ‘मन की बात’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया और विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में शामिल हुए।
कार्यक्रम में इंटर और हाईस्कूल स्तर पर टॉप करने वाले 200 से ज्यादा मेधावी छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री ने मंच पर बुलाकर शील्ड और प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में विद्या भारती के योगदान की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि प्रस्तावित विश्वविद्यालय के लिए सरकार भूमि उपलब्ध कराएगी।
मुख्यमंत्री धामी ने भर्ती परीक्षाओं में अनिमितताओं और नकल माफियाओं के खिलाफ सख्त रुख दोहराते हुए कहा कि “हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज की अगुवाई में एसआईटी जांच कर रही है, दोषियों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”
आपदा प्रबंधन पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में अलग-अलग तरह की आपदाएं आ रही हैं और सरकार वैज्ञानिक तरीकों से पूर्वानुमान लगाकर नुकसान कम करने पर काम कर रही है।